सीधी जिले में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे एक महिला ने कोलदह घाट स्थित सोन नदी के पुल से छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने फुर्ती दिखाकर महिला को डूबने से पहले ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया। भीड़ ने बचाया, कमर और पैरों में आई चोट जैसे ही महिला पुल से नीचे कूदी, किनारे पर मौजूद लोग तुरंत उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल सीधी ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, ऊंचाई से गिरने के कारण महिला की कमर और पैरों में गहरी चोटें आई हैं, लेकिन उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर है। अस्पताल में बताई आपबीती अस्पताल में इलाज के दौरान महिला ने अपनी आपबीती सुनाई। महिला ने बताया कि उसके माता-पिता की बहुत पहले ही मौत हो चुकी है। शादी के बाद उसे उम्मीद थी कि जीवन सुधरेगा, लेकिन पति ने भी साथ छोड़ दिया और उसे घर से निकाल दिया। महिला ने पुलिस को बताया- मैं पूरी तरह अकेली पड़ गई, मेरे पास अब कोई सहारा नहीं बचा, मैं जीना नहीं चाहती थी, इसीलिए मैंने पुल से छलांग लगाई मामले की जांच कर रही पुलिस अस्पताल चौकी प्रभारी देवराज सिंह ने बताया कि महिला फिलहाल डरी हुई है और उसने अभी तक अपनी पूरी पहचान उजागर नहीं की है। पुलिस उसके परिवार और रहने की जगह के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल वह डॉक्टरों की देखरेख में है और उसे हर संभव मदद देने का प्रयास किया जा रहा है।


