सीधी में रेत तस्कर गिरफ्तार:फरार होने पहाड़ी पर चढ़ाया ट्रैक्टर, 1.55 लाख रुपए का माल जब्त

सीधी जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमोड़ी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सोन नदी तट से अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे एक तस्कर को पीछा कर गिरफ्तार किया। इस दौरान रेत से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त कर लिया गया। थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, ग्राम भेलकी स्थित सोन नदी तट से अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही नीले रंग के सोनालिका ट्रैक्टर का चालक रेत से भरा वाहन तेज रफ्तार में भगाने लगा। पुलिस ने शासकीय वाहन से उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने भेलकी-अमरवाह मार्ग की पहाड़ी पर ट्रैक्टर चढ़ाकर भागने का प्रयास किया। पहाड़ी की तीखी ढलान और ट्रैक्टर में भरी भारी मात्रा में रेत के कारण वाहन का अगला हिस्सा हवा में उठ गया और ट्रैक्टर असंतुलित हो गया। चालक ने खुद को फंसा देख ट्रैक्टर छोड़कर जंगल की ओर भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अनिकेत सिंह उर्फ काजू सिंह चौहान (उम्र 32 वर्ष, निवासी अमरवाह) के रूप में हुई है। जांच के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से उत्खनित रेत पाई गई, जिसके संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने लगभग 1.55 लाख रुपए कीमत का ट्रैक्टर-ट्रॉली और रेत जब्त की है। आरोपी चालक एवं वाहन स्वामी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(5) सहित खान एवं खनिज (विनियमन) अधिनियम, वन्य जीव संरक्षण अधिनियम और भारतीय वन अधिनियम 1927 की विभिन्न धाराओं के तहत थाना जमोड़ी में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *