ग्वालियर में तीन दिन पहले युवक को गोली मारकर हत्या की कोशिश का मामला झूठा निकला। युवक ने अपनी पीठ और सीने में गर्म नुकीली रॉड घोंपकर घाव किए। पुलिस को बताया कि विरोधियों ने गोली चलाई है। जिन युवकों पर युवक ने आरोप लगाया, उसका उनके साथ जिम में झगड़ा हुआ था। युवक ने इस तरह अपनी बॉडी पर घाव किए था कि लग रहा था सीने पर लगी गोली पीठ से निकल गई। पुलिस और डॉक्टर तक शुरुआत में चकमा खा गए। तत्काल हत्या के प्रयास का केस दर्ज हुआ। डॉक्टरों ने पहले एक्स-रे कराया, ताकि चेक किया जा सके कि बुलेट शरीर में तो नहीं है। एक्स-रे में कुछ गड़बड़ नजर आई, तो सीटी स्कैन कराया गया। सीटी स्कैन रिपोर्ट इस पूरे मामले का खुलासा कर दिया। रिपोर्ट में न गोली लगने, न ही चीरते हुए निकलने की पुष्टि हुई। पता लगा कि घाव प्लान कर किए गए थे। एसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने बताया कि अब पुलिस फरियादी युवक को आरोपी बनाएगी। पुलिस को यह कहानी सुनाई थी
शहर के गोला का मंदिर स्थित शिव कॉलोनी निवासी श्रीकांत सिंह गुर्जर उर्फ वीनू (21) के परिजन उसे 29 दिसंबर की रात 12.30 बजे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों को बताया गया कि कुछ लोगों ने गोली मार दी है। सीने पर राइट साइड और इसके ठीक पीछे पीठ पर घाव थे। डॉक्टरों ने घायल को आईसीयू में भर्ती कर लिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हॉस्पिटल पहुंची, तो घायल वीनू ने बताया, ‘रविवार रात को रवि घुरैया निवासी पारसेन, शिवम तोमर व रवि गुर्जर निवासी आदर्श नगर, विशाल वाल्मीक, हरिओम वाल्मीक और एक अन्य युवक मेरे घर पहुंचे। उस समय मैं घर पर नहीं था। सभी हमलावरों ने मेरे भाई दीपेंद्र से मेरे बारे में पूछताछ की। धमकाया कि कुछ देर में उसके सीने पर गोली मारने वाले हैं। इसके बाद आरोपी वहां से वापस लौट आए। भाई दीपेंद्र ने मुझे फोन पर जानकारी दी कि कुछ लोग मुझे मारने के लिए घूम रहे हैं। अभी घर की तरफ मत आना। 15 मिनट बाद सभी ने मुझे पानी की टंकी के पास घेर लिया और गोली मार दी। एक गोली सीने पर लगी और दूसरी सिर के ऊपर से निकल गई।’ बदला लेने के लिए रची साजिश
वीनू और जिन युवकों पर हमला करने का आरोप था, सभी गोला का मंदिर में एक जिम में एक्सरसाइज करते हैं। यहां वीनू का रवि घुरैया से झगड़ा हो गया था। वीनू के साथ युवकों ने मारपीट कर दी थी। इसी टशन में उसने बदला लेने के लिए यह प्लानिंग की थी। वो चाहता था कि उसके दुश्मनों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हो। इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें- भाई को दी थी धमकी, फिर घेरकर किया हमला
ग्वालियर में एक युवक को घेरकर छह हमलावरों ने गोली मार दी। गोली युवक को सीने पर लगी है, जबकि एक गोली युवक के सिर के ऊपर से निकल गई है। फिलहाल घायल की हालत नाजुक है। हमलावर गोली मारने से पहले युवक के घर पहुंचे थे। यहां उसके भाई को धमकी दी थी कि आज उसके सीने पर गोली मारेंगे। पढ़ें पूरी खबर…


