भास्कर न्यूज| लुधियाना शहर में विकास कार्यों को गति देने, निवासियों को पीने योग्य पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और सीवरेज लाइनों की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से निगम के जोन-सी कार्यालय (गिल रोड) में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मेयर इंदरजीत कौर ने की। इस दौरान लुधियाना दक्षिण की विधायक राजिंदर पाल कौर छीना और नगर निगम कमिश्नर डॉ. नीरू कत्याल गुप्ता भी मौजूद रहीं। बैठक में संबंधित अधिकारियों को शहर में चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़कों के पुनर्निर्माण, नए ट्यूबवेल लगाने और सीवरेज लाइनों को बिछाने जैसे प्रोजेक्ट तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए कहा गया। निगम कमिश्नर डॉ. गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के सभी इलाकों में निवासियों को स्वच्छ और पीने योग्य पानी की नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही अवैध लेबर क्वार्टरों और कॉलोनियों में हो रहे निर्माण पर सख्ती से रोक लगाने के आदेश भी दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि लेबर क्वार्टरों और कॉलोनियों में अवैध निर्माण के कारण मौजूदा सीवरेज सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है, जिससे कई स्थानों पर सीवर लाइनें ओवरफ्लो होने की समस्या सामने आ रही है। इसे देखते हुए ऐसे निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए हैं। बैठक में जोनल कमिश्नर गुरपाल सिंह, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर हरप्रीत सिंह, एटीपी रणधीर सिंह, जोनल सुपरिंटेंडेंट अब्दुल सत्तार सहित बी एंड आर शाखा, ओ एंड एम सेल, तहबाजारी शाखा और बिल्डिंग शाखा के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक से पहले नगर निगम कमिश्नर डॉ. नीरू कत्याल गुप्ता ने जोनल कमिश्नर गुरपाल सिंह के साथ गिल रोड स्थित नगर निगम के जोन-सी कार्यालय का निरीक्षण भी किया। इस दौरान अधिकारियों और स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा गया कि शहरवासियों को निगम सेवाएं बिना किसी परेशानी के उपलब्ध कराई जाएं।


