शहर के व्यस्ततम रेलवे स्टेशन रोड पर नई मंडी के पास सीवर चेंबर लोगों के लिए आफत बन गए हैं। मुख्य सड़क पर जमीन से एक से डेढ़ फीट ऊपर निकले पांच सीवर चेंबर हादसों को खुला न्योता दे रहे हैं। सड़क निर्माण अधूरा रहने से पिछले 15-20 दिनों से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उबड़-खाबड़ सड़क और बाहर निकले चेंबरों के कारण हर वक्त दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। पिछले दिन हुई बारिश के बाद हालात और बदतर हो चुके हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार आयूडीआईपी ने सीवर लाइन डालने के लिए सड़क तोड़ी थी। इसके बाद समान दूरी पर पांच सीवर चेंबर बनाकर लाइन डाल दी गई, लेकिन इसके बाद नगर निगम ने क्षतिग्रस्त सड़क का निर्माण नहीं कराया। नतीजा यह है कि सड़क जगह-जगह उबड़-खाबड़ हो गई है। चेंबर बाहर निकल आए हैं। कलेक्टर की फटकार भी बेअसर… गत दिवस जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने नगर निगम अधिकारियों के साथ शहर भ्रमण के दौरान सड़क में बने सीवर चेंबर देख नाराजगी जताई थी। कलेक्टर ने निगम अधिकारियों को फटकार लगाते हुए नगर निगम आयुक्त श्रवण कुमार को जल्द सड़क निर्माण के निर्देश दिए थे। नई मंडी में बीच सड़क पर बने ये पांच चेंबर कभी भी बड़े हादसे का सबब बन सकते हैं। फोटो : शिवम शर्मा।


