सीहोर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कलेक्टर कार्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बालागुरु के. ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं को इपिक कार्ड वितरित कर सम्मानित किया। कलेक्टर बालागुरु के. ने कहा कि मतदाता लोकतंत्र का आधार हैं। लोकतंत्र को मजबूत और समृद्ध बनाने के लिए मतदाताओं का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार देता है और यह अधिकार सभी के लिए समान है। कलेक्टर ने आगे कहा कि चाहे मतदाता गरीब हो या अमीर, शिक्षित हो या अशिक्षित, हर मत का मूल्य समान होता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने इस अधिकार का उपयोग अवश्य करें और बिना किसी दबाव और लालच के निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करें। उन्होंने यह भी कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह लोकतंत्र को सशक्त और समृद्ध बनाने के लिए चुनावों में सक्रिय सहभागिता निभाए। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बालागुरु के. ने उपस्थित मतदाताओं को शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने, तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर मतदान करने का संकल्प दिलाया। इस दौरान अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, एसडीएम तन्मय वर्मा, तहसीलदार अमित सिंह, तहसीलदार आकाश महंत, इलेक्शन सुपरवाइजर आदित्य कर्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


