सीहोर में कलेक्टर बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने नरवाई जलाने की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नरवाई जलाने वालों पर नियमों के अनुसार जुर्माना लगाया जाएगा। कलेक्टर ने बताया कि नरवाई जलाने से पर्यावरण को गंभीर नुकसान होता है। इससे वायु प्रदूषण बढ़ता है और मिट्टी की उर्वरता भी कम होती है। नरवाई जलाने की रोकथाम के लिए कृषि, उद्यानिकी, राजस्व तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लगातार निगरानी रखी जा सके और समय पर कार्रवाई हो सके। सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों के समय-सीमा वाले प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का तय समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण किया जाए। कलेक्टर बालागुरू के. ने ‘संकल्प से समाधान’ अभियान के तहत 15 फरवरी से क्लस्टर स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए और अधिक से अधिक नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जाए। अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा, कलेक्टर ने प्रधानमंत्री श्रम मानधन योजना का लाभ सभी पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ को समग्र ई-केवाईसी, आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड निर्माण तथा प्रसूता महिलाओं को डीबीटी लाभ देने के लिए ई-केवाईसी के विशेष शिविर आयोजित करने को कहा। कलेक्टर ने वित्तीय वर्ष की समाप्ति को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को आवंटित बजट का समय पर और सही तरीके से उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।


