सीहोर में नाबालिग से दुष्कर्म, 70 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार:पढ़ाने के बहाने 6 महीने में 6 बार किया रेप; आशंका- अन्य बच्चियां भी शिकार हुईं

सीहोर जिले में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को शिकायत के आधार पर 70 वर्षीय आरोपी चंद्रभान त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है। 13 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी चंद्रभान त्रिपाठी (निवासी रफीकगंज) से पढ़ने जाती थी। घटना एक कमरे में हुई। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने पिछले छह महीनों में छह बार उसके साथ दुष्कर्म किया और कई बार छेड़छाड़ भी की। यह घटना 29 जून 2025 से 29 दिसंबर 2025 के बीच की बताई जा रही है। अन्य बच्चों के आ जाने से मंसूबे नाकाम
पीड़िता ने बताया कि हाल ही में आरोपी उसे मंदिर के पास एक कमरे में ले गया था। वहां उसने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। हालांकि, अन्य बच्चों के वहां आ जाने के कारण वह अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पाया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी चंद्रभान त्रिपाठी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65, 351 (2), 74, 127 (2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5L, 5F/6, 9f/10 के तहत मामला दर्ज किया है। आशंका- अन्य नाबालिग भी शिकार हुईं
एसडीओपी रोशन कुमार जैन ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक दुष्कर्म और एक छेड़छाड़ की एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी की उम्र 70 साल से अधिक है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी चंद्रभान त्रिपाठी कई साल पहले उत्तर प्रदेश से सीहोर आकर रहने लगा था। पुलिस को आशंका है कि अन्य नाबालिग लड़कियां भी उसकी शिकार हुई हैं और वे भी अब शिकायत दर्ज करा सकती हैं। हालांकि, कुछ लड़कियां बदनामी के डर से सामने आने में हिचकिचा रही हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *