अनूपपुर में सूने मकान से लाखों के जेवर चोरी:सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध की गतिविधि, पुलिस जांच में जुटी

अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बदरा में सोमवार-मंगलवार की रात एक सूने मकान से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी हो गया। चोरी की इस घटना में शामिल एक संदिग्ध घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। भालूमाड़ा पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना एमएन सिंह पेट्रोल पंप के मालिक संग्राम सिंह के घर पर हुई। संग्राम सिंह अपने परिवार के साथ इलाज कराने नागपुर गए हुए थे, इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया। पेट्रोल पंप में कार्यरत नरेंद्र कुमार अवस्थी ने बताया कि 20 जनवरी की सुबह करीब 8 बजे संग्राम सिंह का फोन आया। उन्होंने बताया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में 19 और 20 जनवरी की दरम्यानी रात करीब 1 से 3 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति की आवाजाही दिखाई दी, जिससे चोरी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर नरेंद्र कुमार अवस्थी अपने पड़ोसी शिव पूजन गुप्ता और उनकी पत्नी अंजली गुप्ता के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि घर के मेन गेट का ताला और कुंदा टूटा हुआ था। घर के अंदर कमरों में रखी अलमारी और बेड का सामान बिखरा पड़ा था, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि चोरों ने पूरे घर को खंगाल दिया था। प्राथमिक जांच में नकदी, सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य कीमती सामान चोरी होने की बात सामने आई है। चोरी गए सामान की पूरी सूची गृहस्वामी संग्राम सिंह के नागपुर से लौटने के बाद पुलिस को सौंपी जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *