सीहोर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8 बजे तक कोहरा छाया रहा, जिसके कारण धूप नहीं निकली। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएस तोमर ने बताया कि दक्षिण-पूर्व से 9 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण बादल छाए हुए हैं और अगले 24 घंटों में बारिश की संभावना है। बारिश के बाद तेज ठंड का दौर शुरू होने के आसार हैं। स्वास्थ्य विभाग ने शीत-घात से बचाव के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे घर के अंदर रहें और ठंडी हवा व बारिश के संपर्क में आने से बचें। शरीर को गर्म रखने के लिए सिर, गर्दन, कान, नाक, हाथ और पैरों को ढक कर रखें। इसके अलावा हल्के और गर्म ऊनी कपड़े पहनें और टोपी, मफलर व जल रोधी जूतों का उपयोग करें। फेफड़ों में संक्रमण से बचने के लिए मुंह और नाक को ढक कर रखें।


