सीहोर जिले में रविवार को कड़ाके की ठंड ने लोगों की नींद उड़ा दी। जिले में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे शीतलहर का असर बढ़ गया। घने कोहरे के कारण दृश्यता भी काफी कम रही और सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया। तीन दिन से लगातार छा रहा कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार, लगातार तीसरे दिन जिले में घना कोहरा छाया रहा। खेतों में ओस की बूंदें जम गईं और सुबह का नजारा बेहद ठंडा रहा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एस. तोमर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बर्फबारी हो रही है। ये सर्द हवाएं मध्य प्रदेश तक पहुंच रही हैं, जिससे तापमान लगातार नीचे जा रहा है। डॉ. तोमर ने आगे कहा कि अगले दो दिन भी उत्तर दिशा से बर्फीली हवाएं चलने से ठंड जारी रहेगी। मावठे (बारिश) की संभावना भी है, जिससे तापमान और गिर सकता है। सीहोर में करीब एक माह पहले ठंड ने दस्तक दी थी और तब से न्यूनतम तापमान लगातार नीचे आ रहा है। इस ठंड से जिले के लोग काफी प्रभावित हैं और सुबह-सुबह घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। पिछले दिनों ऐसा रहा तापमान


