सीहोर नगर में विजयदशमी के दिन दोपहर में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। शहर में काफी देर तक रिमझिम बारिश दर्ज की गई। इस बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है। इस मानसून सीजन में 21 जून से अब तक सीहोर जिले में 1058 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। पिछले साल इसी अवधि में जिले में 1129 मिलीमीटर बारिश हुई थी। जानकारी के अनुसार, इस साल मानसून कम सक्रिय रहा और ‘मानसून ब्रेक’ की स्थिति अधिक देखने को मिली है। बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे सोयाबीन की फसल कटाई के कार्य में किसानों को दिक्कतें आ सकती हैं। किसान घनश्याम यादव ने बताया कि खेत गीले होने से सोयाबीन की कटाई में परेशानी होती है, हालांकि इस साल फसल बेहतर हुई है। कम बारिश का असर जिले के जलस्रोतों पर भी दिख रहा है। सीहोर जिले में कुल 67 तालाब हैं, जिनमें से अभी तक मात्र 9 तालाब ही लबालब भर पाए हैं।


