सुकमा| गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले भव्य समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को मिनी स्टेडियम मैदान में समारोह की फाइनल रिहर्सल हुई। कलेक्टर अमित कुमार, एएसपी रोहित शाह और अभिषेक वर्मा सहित जिले के अफसर इस दौरान मौजूद थे। अफसरों ने परेड टुकड़ियों का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बताया जाता है कि सुकमा में जगदलपुर विधायक किरण देव बतौर मुख्य अतिथि सुकमा में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद वे परेड की सलामी लेकर मुख्यमंत्री का प्रदेश की जनता के नाम संदेश पढ़ेंगे। इसके साथ ही जिला पुलिस बल, सीएएफ, सीआरपीएफ, एनसीसी, स्काउट-गाइड सहित विद्यार्थियों की टुकड़ियां मार्च-पास्ट करेंगी। वहीं स्कूली बच्चे देशभक्ति कार्यक्रमों की सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं।


