सुखबीर बादल पर गोली चलाने वाले को मिली जामनत:अमृतसर पुलिस की जांच हुई पूरी; 4 महीने जेल में रहा नारायण चौड़ा

अमृतसर की कोर्ट ने शिरोमणि अकाली दल (SAD) के पूर्व अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर गोली चलाने के आरोपी नारायण सिंह चौड़ा को जमानत दे दी है। इस फैसले के बाद अब यह मामला फिर से चर्चा में आ गया है। करीब 4 महीनों तक जेल में रहने के बाद चौड़ा को जमानत दी गई है। यह घटना 2023 में गोल्डन टेंपल परिसर में हुई थी, जब सुखबीर सिंह बादल सेवादार बन परिसर के बाहर सेवा कर रहे थे। इसी दौरान नारायण सिंह चौड़ा ने उन पर गोली चलाई थी। हालांकि, गोली सुखबीर बादल को नहीं लगी थी और वे बाल-बाल बच गए थे। इस घटना के बाद गोल्डन टेंपल परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी और पुलिस ने नारायण चौड़ा को तुरंत गिरफ्तार कर लिया था। जांच खत्म, जेल में रखने का ठोस कारण नहीं अमृतसर की कोर्ट ने चौड़ा को जमानत देते हुए कहा कि इस मामले में जांच लगभग पूरी हो चुकी है और आरोपी को अधिक समय तक जेल में रखने का कोई ठोस कारण नहीं है। जिसके बाद उसे जमानत दे दी गई है। हालांकि, यह साफ नहीं हो सका है कि जमानत पर रिहाई के लिए किन शर्तों को रखा गया है। जानें कौन है नारायण सिंह चौड़ा नारायण सिंह चौड़ा पंजाब में आतंकवाद के दौर से सक्रिय रहा है। 1984 में वह पाकिस्तान गया, जहां उसने भारत विरोधी संगठनों से संपर्क किया और गुरिल्ला वॉर पर साहित्य लिखा। वह हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी में भी शामिल रहा और पंजाब में कई आतंकी गतिविधियों में उसकी भूमिका सामने आई। उसके खिलाफ अमृतसर, तरनतारन और रोपड़ में UAPA के तहत केस दर्ज हैं। 2013 में उसे तरनतारन से गिरफ्तार किया गया था, जहां से आरडीएक्स और हथियार बरामद हुए थे। 2004 में हुए बुड़ैल जेल ब्रेक कांड में भी उसका नाम सामने आया, जिसमें बेअंत सिंह के हत्यारे फरार हुए थे। चौड़ा पर आरोप है कि उसने जेल में इन आतंकियों की भागने की योजना में मदद की थी। चौड़ा लंबे समय से बादल परिवार के खिलाफ था। 2013 में खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया था कि वह प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर बादल को निशाना बना सकता है। उसने खालिस्तान लिबरेशन आर्मी बनाई थी और खालिस्तानी समर्थकों के बीच रणधीर सिंह के नाम से सक्रिय था। पुलिस जांच में उसके बब्बर खालसा इंटरनेशनल से संबंधों का भी खुलासा हुआ। सुखबीर बादल ने जब अकाल तख्त से मिली सजा स्वीकार की और सेवा शुरू की, तो चौड़ा ने उन पर हमला कर दिया। 2 दिसंबर को लगाई सजा पूरी कर रहे थे सुखबीर, चली थी गोली शिरोमणि अकाली दल के पूर्व अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर 3 दिसंबर को दरबार साहिब में सेवा के दौरान गोली चलाई गई। यह हमला नारायण सिंह चौड़ा ने किया, जो खालिस्तान समर्थक गतिविधियों से जुड़ा रहा है। घटना उस समय हुई जब सुखबीर बादल 2 दिसंबर को श्री अकाल तख्त साहिब की तरफ से लगाई गई सजा के बाद सेवा कर रहे थे। अचानक चौड़ा ने उन पर गोली चला दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चौड़ा को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। जांच में सामने आया कि चौड़ा लंबे समय से बादल परिवार के खिलाफ था और उन पर सिख पंथ से गद्दारी के आरोप लगाता रहा है। खुफिया एजेंसियों ने पहले भी चेतावनी दी थी कि वह बादल परिवार को निशाना बना सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *