सुखाड़िया यूनिवर्सिटी कुलपति का अनूठा विरोध:एबीवीपी ने रखा सांकेतिक श्राद्ध, प्रो. सुनीता मिश्रा की तस्वीर पर माला पहनाकर लगाया खीर-पूड़ी का भोग

मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में कुलपति प्रो. सुनीता मिश्रा के खिलाफ छात्रों ने रविवार को अनूठे अंदाज में विरोध जताया। एबीवीपी ने प्रशासनिक भवन के बाहर प्रो.मिश्रा की तस्वीर लगाकर सांकेतिक श्राद्ध का आयोजन किया। तस्वीर को माला पहनाई। दीपक जलाया और खीर-पुड़ी, सब्जी का भोग लगाया। इसके बाद सभी ने प्रसाद के रूप में भोजन किया। छात्रों ने सांकेतिक श्राद्ध के जरिए राज्य सरकार से कुलपति को तत्काल पद से बर्खास्त करने की मांग की। राठौड़ बोले- पद से हटाने तक करेंगे विरोध एबीवीपी महानगर मंत्री पुष्पेंन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि यह आंदोलन केवल कुलपति की कार्यशैली तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी उस विचारधारा के विरोध में है जो मेवाड़ की गौरवशाली धरोहर और इतिहास की उपेक्षा करती है। उन्हें पद से हटाए जाने तक विरोध जारी रहेगा। कार्रवाई नहीं होने पर करेंगे उग्र आंदोलन इकाई अध्यक्ष प्रवीण टांक ने कहा कि कुलपति यूनिवर्सिटी के शैक्षणिक और सांस्कृतिक वातावरण में मेवाड़ की परंपरा और वीरता के इतिहास को दरकिनार कर रही हैं। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन और उग्र होगा। प्रदर्शन के दौरान कुलदीप सिंह, त्रिभुवन सिंह, पार्थ दीक्षित, चिराग दायमा, अंशुमान सिंह, चिराग तिवारी, खुशी, चंद्रकिरण, करिश्मा आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *