सुजानपुर नगर कौंसिल कार्यालय में गुरुवार को उस समय हंगामा हो गया जब नवनिर्वाचित पार्षद शपथ ग्रहण के लिए पहुंचे, लेकिन उन्हें शपथ नहीं दिलाई गई। इस दौरान पार्षदों ने नगर कौंसिल प्रशासन और आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।पार्षदों ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने नगर कौंसिल पर ‘धक्केशाही’ से कब्जा कर लिया है। उनका कहना है कि 4 पार्षदों को शपथ दिलाए बिना ही नगर कौंसिल की कमेटी का गठन कर दिया गया, जो कानूनी रूप से गलत है। गुरुवार को 10 से 11 पार्षद इस उम्मीद के साथ नगर कौंसिल कार्यालय पहुंचे थे कि उन्हें शपथ दिलाई जाएगी, ताकि वे अदालत में अपना पक्ष रख सकें। पार्षदों के अनुसार, नगर कौंसिल के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) ने उन्हें सहयोग नहीं दिया। उन्हें लगभग डेढ़ घंटे तक मीटिंग हॉल में बैठाए रखा गया, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। पार्षदों ने अब इस मामले को लेकर एसडीएम कार्यालय जाने और प्रशासन से शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। हाईकोर्ट में मामला विचाराधीन इस बीच, नगर कौंसिल की पूर्व प्रधान अनुराधा बाली ने बताया कि नगर कौंसिल के गठन से संबंधित मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में एक कैविएट दायर की गई है और आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों तथा कानूनी प्रक्रिया के अनुसार ही की जाएगी। सोमवार दोपहर दिलाई जाएगी शपथ वहीं, नगर कौंसिल के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) ने स्पष्ट किया कि संबंधित चारों पार्षदों को शपथ ग्रहण के लिए पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार दोपहर 12:30 बजे नगर कौंसिल कार्यालय में इन पार्षदों को शपथ दिलाई जाएगी, जिसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


