सुजीत सिन्हा गिरोह ने पत्थर कारोबारी से मांगी रंगदारी, एटीएस करेगा जांच

झारखंड पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) को कारोबारी से रंगदारी मांगने का एक और केस सौंपा गया। मेदिनीनगर टाउन थाना में 28 नवंबर 2024 को दर्ज प्राथमिकी की जांच एटीएस करेगा। व्यवसायी शशिकांत गुप्ता से दीपक सिंह नामक अपराधी ने रंगदारी की मांग की है। इस मामले में बीएनएस की धारा 308(3) और 308(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। प्राथमिकी के अनुसार, शशिकांत गुप्ता पलामू के पत्थर कारोबारी हैं। उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। जिसमें रंगदारी की मांग की गई थी। रंगदारी नहीं देने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई है। जब पलामू पुलिस ने इस मामले की जांच की तो पता चला कि रंगदारी सुजीत सिन्हा गिरोह ने मांगी है। पलामू एसपी रिष्मा रमेशन ने बताया कि टाउन थाने में दर्ज इस मामले की जांच एटीएस को दी गई है, क्योंकि यह मामला सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़ा हुआ है। इस मामले में कई नाम सामने आए हैं। इसलिए पूरे मामले की जांच एटीएस से कराने के लिए कहा गया है, ताकि सभी अपराधी पकड़े जा सके। हाल के दिनों में दीपक सिंह के नाम से छतरपुर, हरिहरगंज, पिपरा, डाल्टनगंज और पलामू के चैनपुर इलाके के पत्थर खदान व्यवसायी को मैसेज भेजकर रंगदारी मांगी जा चुकी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *