सुदामडीह में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

सुदामडीह बस्ती के एक युवक का शव रविवार की सुबह दामोदर नदी किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव दो पेड़ों के बीच रखे पाइप पर बेल्ट के फंदे से लटक रहा था आैर जमीन से सटा था। इलाके के लोगों ने उसकी पहचान बस्ती में रहनेवाले जमीन कारोबारी अरुण कुमार महतो के इकलौते बेटे 21 वर्षीय शुभम कुमार महतो उर्फ विक्की के रूप में की। उसने डिगवाडीह के डिनोबिली स्कूल से 12वीं की परीक्षा पास की थी आैर प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी में जुटा था। परिजनों ने बताया कि शुभम सुबह में 5:30 बजे घर से बाइक लेकर निकला था। कुछ देर बाद ही घर से करीब आधा किमी की दूरी पर शव मिलने की खबर आई, तो घर में कोहराम मच गया। पिता अरुण, मां अंजना देवी, चाचा-चाची व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सुदामडीह थाने में शिकायत की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजन बोले- जिस बेल्ट के फंदे में शव था, वह किसी और का युवक के शव के पास ही उसकी बाइक मिली। उसका कुछ हिस्सा टूटा हुआ था। उसकी चप्पल आैर मोबाइल फोन भी पुलिस ने वहीं से जब्त किया। परिजनों ने बताया कि जिस बेल्ट के फंदे में शुभम का शव लटका था, वह उसका या घर के किसी सदस्य का नहीं था। इससे साफ है कि उसे मारकर शव वहां लटका दिया गया है। परिजन मानने को तैयार नहीं हैं कि शुभम आत्महत्या कर सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *