डीडवाना की बालिकाओं ने सीमित संसाधनों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सुद्रासन गांव और डीडवाना जिले का नाम रोशन किया है। क्षेत्र की 17 वर्षीय खिलाड़ियों ने विभिन्न स्तरों पर कई उपलब्धियां हासिल की है। आफरीन बानो, नम्रता कंवर, तनीषा और प्रतिज्ञा का चयन राजस्थान टीम में हुआ है। इन खिलाड़ियों ने आंध्रप्रदेश के अनंतपुर में आयोजित राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में डीडवाना की ओर से प्रतिनिधित्व किया। इसके साथ ही अल्बिना बानो, रुचिका और कोमल जाखड़ ने जयपुर में आयोजित फुटबॉल ट्रायल में शानदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद उनका चयन बेंगलुरु एफसी अकादमी के लिए हुआ है, जहां वे पेशेवर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। खिलाड़ियों के लौटने पर डीडवाना में आयोजित सम्मान समारोह में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर मिठाई खिलाई गई, मालाएं पहनाई गईं और सम्मान पत्र प्रदान किए गए। समारोह में बताया गया कि पिछले चार वर्षों की कड़ी मेहनत, कोच की लगन और खिलाड़ियों के परिश्रम ने डीडवाना को फुटबॉल के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान दिलाई है। चयन की प्रक्रिया हमेशा निष्पक्ष और योग्यता आधारित रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभा को आगे आने का अवसर मिला है। खेल मैदान में अभी भी आधुनिक सुविधाओं की कमी है, लेकिन खिलाड़ियों ने इन चुनौतियों को अपनी ताकत बनाते हुए निरंतर प्रगति की है। स्थानीय खेल प्रेमियों, भामाशाहों और ग्रामीणों ने खिलाड़ियों का निरंतर उत्साहवर्धन किया। सम्मान समारोह में बजरंग सिंह राठौड़, अजीज तबाक, यूनुस खान फौजी, नियाज खान, हनीफ खान, अनवर खान, पार्षद नितेश बाजारी, रहमान, अमानुल्लाह सिद्दीकी (कालू मिस्त्री), डॉ. जाहिदा खान, रामकिशन खीचड़, मोहम्मद स्वालीन और आसिफ खान इक़बाल सहित कई खेलप्रेमी और भामाशाह उपस्थित रहे।


