शिव सेना हिंदू टकसाली के राष्ट्रीय प्रधान सुधीर सूरी हत्याकांड मामले के गवाह कौशल के घर पर गैंगस्टर लंडा ग्रुप का कोरियर के जरिए धमकी भरा पत्र आया। शिव सेना हिंदू टकसाली के पंजाब प्रधान कौशल शर्मा को 6 जून से पहले जान से मारने की धमकी दी गई है। इसके अलावा पत्र में महिला आयोग की पूर्व चेयरपर्सन मनीषा गुलाटी सहित 4 लोगों के नाम भी शामिल हैं। यह पत्र 22 मई की दोपहर पौने एक बजे कौशल के घर पहुंचा। जिसके बाद उन्होंने पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के साथ मिलकर उन्हें शिकायत पत्र सोंपा। पुलिस कमिश्नर ने मामले में जांच करते हुए कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। शनिवार रात कौशल को पाकिस्तानी नंबर से फोन भी आया था, जिसमें कॉल करने वाले ने कहा कि घर तक पहुंच कर ली है। घर के 25 किमी दूर शूटरों को बैठा रखा है। धमकी के बाद कौशल शर्मा ने घर से बाहर निकलना बंद कर दिया है। पत्र में लिखा गया है कि शिवसेना और आरएसएस से जुड़े लोगों को 6 जून से पहले निशाना बनाया जाएगा। इसमें मंगा, अमित अरोड़ा, दविंदर पहलवान, महिला आयोग की पूर्व चेयरपर्सन मनीषा गुलाटी और पारस सूरी का नाम भी लिखा था।


