युवा उड़ान 2026 कार्यक्रम में देश के सुप्रसिद्ध गणितज्ञ एवं सुपर 30 के संस्थापक पद्मश्री आनंद कुमार न युवा छात्रों को सफलता का मंत्र दिया। आनंद कुमार के साथ विख्यात लेखक नीलोत्पल मृणाल ने संघर्ष और जीवन के मूल्यों पर मार्गदर्शन दिया। आनंद कुमार ने कहा कि यहां बैठा हर बच्चा नायाब है और सभी में अद्भुत हुनर है। आवश्यकता है उस ताकत को पहचानने की और दुनिया में बेहतर कार्य कर मिसाल कायम करने की। उन्होंने छात्रों का सफलता के चार मंत्र दिए। युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए आनंद कुमार ने कहा कि सफलता के लिए जरूरी है कि जिस विषय में सफल होना है, उसी विषय को लेकर पूरी निष्ठा के साथ जीवन जिया जाए और किसी भी अन्य चीज को बीच में आने न दिया जाए। विषय समझने में कठिनाई आने पर हार मानने के बजाय निरंतर प्रयास करना चाहिए, क्योंकि लगातार मेहनत से सफलता अवश्य मिलती है। पढ़ाई को बनाए रोमांचक, सफलता के मंत्र बताए
आनंद कुमार ने कहा कि पढ़ाई को बोझ नहीं, बल्कि रोमांचक बनाना चाहिए। आज इंटरनेट जैसे आधुनिक संसाधनों में हर समस्या का समाधान उपलब्ध है, आवश्यकता केवल सही दिशा में प्रयास करने की है। उन्होंने अपने करियर के संघर्षों और जीवन की चुनौतियों को साझा करते हुए कहा कि असुविधाएं मिलने पर पीछे नहीं हटना चाहिए, बल्कि धारा के विपरीत चलकर भी पत्थरों को तोड़ते हुए आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने युवाओं को सफलता के चार मंत्र भी बताए। उन्होंने कहा कि पहला मंत्र, प्रबल प्रयास-जब तक सफलता न मिले, प्रयास करते रहना चाहिए। दूसरा मंत्र सकारात्मक सोच-जो निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। तीसरा मंत्र अथक परिश्रम-बिना रुके और बिना थके मेहनत करना ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। चौथा मंत्र असीम धैर्य -यदि प्रयास तुरंत सफल न हों तो निराश नहीं होना चाहिए। धैर्य रखते हुए परिश्रम निरंतर करते रहने से सफलता अवश्य मिलती है। पढ़ाई को लेकर बच्चों में बढ़ते डिप्रेशन पर उन्होंने कहा कि इसमें माता-पिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और बच्चों पर अनावश्यक दबाव डालने के बजाय उन्हें प्रोत्साहित करना चाहिए। डरने के बजाय संघर्ष की आग में तपना ज़रुरी
कार्यक्रम में शामिल विश्वविख्यात लेखक नीलोत्पल मृणाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा ही छत्तीसगढ़ की तकदीर है और एक परीक्षा किसी की तकदीर का फैसला नहीं करती। उन्होंने कहा कि डर से डरने के बजाय संघर्ष की आग में तपना होगा, तभी वास्तविक सफलता प्राप्त होगी। उन्होंने युवाओं को चेताया कि डिप्रेशन को पैशन न बनाएं, क्योंकि डिप्रेशन और पैशन एक साथ नहीं चल सकते। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि दूसरों की आकांक्षाओं को अपना बोझ बनाकर न ढोएं, बल्कि स्वयं यह निर्णय लें कि उन्हें किस क्षेत्र में जाना है और उसी लक्ष्य पर अडिग रहें। चाहे कोई भी विपरीत परिस्थितियां क्यों न आएं, अपने निर्णय से विचलित नहीं होना चाहिए। मंत्री, विधायक ने भी किया छात्रों का मार्गदर्शन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा के युवाओं के लिए यह सौभाग्य का विषय है कि उन्हें आनंद कुमार और नीलोत्पल मृणाल जैसे प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सुनने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उड़ान पंखों से नहीं, बल्कि मेहनत से मिलती है। हमारी चाह और संकल्प ही हमें लक्ष्य तक पहुंचाते हैं। युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर ऊंची उड़ान का हौसला रखना चाहिए। कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि यह आयोजन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने भी युवाओं को संबोधित किया। कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि जिले के युवाओं को आज महान व्यक्तित्वों के अनुभवों और दृष्टिकोण को जानने का अवसर मिला है। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन की चुनौतियों को साझा करते हुए युवाओं को कठिन परिस्थितियों का सामना कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अंबिकापुर में खोल सकते हैं सुपर 30 का ब्रांच
पत्रकारों से चर्चा करते हुए आनंद कुमार ने कहा कि यहां आकर अच्छा लगा। छात्रों उत्साह एवं सीखने की ललक है। भविष्य में अंबिकापुर में सुपर 30 का ब्रांच खोला जा सकता है। इसपर विचार किया जाएगा। बड़ी संख्या में शामिल हुए छात्र
आयोजन में शहर एवं जिले के स्कूल व कालेजों के छात्र बड़ी संख्या में शामिल हुए। कलाकेंद्र मैदान छात्रों से भरा रहा। कार्यक्रम में जिपं अध्यक्ष निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, सदस्य दिव्या सिंह सिसौदिया,पायल सिंह, महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरिमन्दर सिंह टिन्नी सहित जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।


