बूंदी में भाजपा महिला मोर्चा ने लाभार्थी महिलाओं और आम महिलाओं से संवाद अभियान चलाया। यह कार्यक्रम भाजपा महिला प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ के निर्देशानुसार और जिलाध्यक्ष एडवोकेट नूपुर मालव के नेतृत्व में रघुनाथपुरा, तालेड़ा, अकतासा और लंबापीपल में आयोजित किया गया। संवाद कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। उनकी समस्याओं को भी सुना गया। इसके अतिरिक्त, लोकसभा अध्यक्ष की पहल से दी जा रही सुपोषित किट के महत्व के बारे में बताया गया। इस अवसर पर लाभार्थी महिलाओं ने सरकारी योजनाओं और सुपोषित किट से मिले लाभों के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में हो रहे प्रयासों की सराहना भी की। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री रुक्मणी मंत्री और उपाध्यक्ष राजेश छावड़ी भी उपस्थित थीं। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार और लोकसभा अध्यक्ष का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को पोषण व स्वास्थ्य के प्रति सशक्त बनाना है। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष एडवोकेट नूपुर मालव ने बताया कि यह संवाद अभियान आगामी दिनों में जिले के प्रत्येक मंडल में आयोजित किया जाएगा। इसका लक्ष्य हर महिला तक योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी पहुंचाना है।


