सुबह धीमी थी मतदान की रफ्तार, दिन चढ़ते ही बढ़ा प्रतिशत; सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम

भास्कर न्यूज | चतरा नगर परिषद चुनाव के दौरान मतदाताओं का उत्साह समय के साथ तेज़ी से बढ़ता नजर आया। सुबह मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, बूथों पर मतदाताओं की कतारें लंबी होती चली गईं। सुबह 9 बजे तक महज 10.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। हालांकि अगले दो घंटे में मतदान में तेज उछाल आया और सुबह 11 बजे तक आंकड़ा 23.46 प्रतिशत पहुंच गया। यानी दो घंटे में करीब 12.80 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दोपहर 1 बजे तक मतदान 38.06 प्रतिशत हो चुका था। इस दौरान दो घंटे में लगभग 14.60 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोपहर के बाद मौसम और छुट्टी का असर दिखा और मतदान की रफ्तार और तेज हो गई। शाम 3 बजे तक मतदान का प्रतिशत बढ़कर 52.89 प्रतिशत पहुंच गया, यानी दो घंटे में करीब 14.83 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इसके बाद अंतिम चरण में मतदाताओं का उत्साह चरम पर रहा। शाम 5 बजे और मतदान समाप्ति तक कुल मतदान 68.88 प्रतिशत दर्ज किया गया। तुलनात्मक नजर डालें तो सुबह के मुकाबले दोपहर में मतदान की रफ्तार दोगुनी से ज्यादा रही। दोपहर 1 से शाम 3 बजे के बीच सबसे तेज़ बढ़ोतरी दर्ज की गई।अंतिम दो घंटों में भी मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे कुल मतदान प्रतिशत मजबूत रहा। कुल मिलाकर नगर परिषद चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी उत्साहजनक रही। शुरुआती सुस्ती के बावजूद दिन ढलते-ढलते मतदान ने रफ्तार पकड़ ली, जो लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *