रांची | आशीष कुजारा मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से सोमवार को हरमू रोड स्थित काव्स में पंजाबी समाज का भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। ‘होली के रंग, फूलों के संग’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ रहे। उनका स्वागत संजय मिनोचा और हर्ष गक्खड़ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री ने ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। इस अवसर पर मदन सेन कुजारा, आशा कुजारा व कुजारा परिवार ने उन्हें सम्मानित किया। ट्रस्ट की संगीता कुजारा, आरती वर्मा और श्वेता अग्रवाल ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में कवि सम्मेलन और गीत-संगीत ने समां बांध दिया। मीना बंधन, संगीता कुजारा टाक, नरेश बंका और माधवी ने काव्य प्रस्तुति दी, जबकि केसर पपनेजा ने गीतों से माहौल रंगीन कर दिया। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। संचालन अरुण चावला और धन्यवाद ज्ञापन संदीप नागपाल ने किया।


