सुबह धुंध… शून्य विजिबिलिटी, दोपहर में धूप… गर्मी का अहसास, शाम को ठंड… पारा 7° गिरा

भास्कर न्यूज| नवांशहर बुधवार को शहर में एक बार फिर घनी धुंध छा गई, जिससे गांवों और मुख्य सड़कों पर विजिबिलिटी शून्य हो गई। शहरी इलाकों में भी दृश्यता घटकर करीब 10 मीटर रह गई, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुबह करीब 9 बजे तक धुंध छाई रही, इसके बाद हल्की धूप निकली। कुछ दिनों की राहत के बाद धुंध ने दोबारा शहर को अपनी चपेट में ले लिया। बुधवार को अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह फरवरी माह की दूसरी बड़ी धुंध मानी जा रही है। हालांकि पूरी रात मौसम साफ रहा, लेकिन तड़के तेज बर्फीली हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बीते कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान 9 डिग्री के आसपास बना हुआ था, जो हवाओं के कारण गिरकर 7.5 डिग्री तक पहुंच गया। सुबह के समय वाहन चालक इंडिकेटर और हेडलाइट जलाकर गंतव्य की ओर बढ़ते नजर आए। घनी धुंध को देखते हुए स्कूल प्रबंधन की हिदायतों के अनुसार बसों की रफ्तार नियंत्रित रखी गई। वहीं शाम ढलते ही तापमान 19 डिग्री से गिरकर रात 9 बजे तक 12 डिग्री के पास पहुंच गया। किसानों का कहना है कि तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ी है, जो गेहूं की फसल के लिए लाभदायक साबित होगी। किसानों के अनुसार अब धुंध का फसलों पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि इसके बाद मौसम में बदलाव आया है और तापमान बढ़कर 19 डिग्री तक पहुंच गया है, जो सभी प्रकार की फसलों के लिए अनुकूल है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। साथ ही आने वाले दिनों में मौसम के साफ रहने की उम्मीद जताई गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *