सुबह 11 बजे तक कोहरा, फिर धूप से तापमान हुआ 22.1 डिग्री

श्रीगंगानगर| क्षेत्र में रविवार को सुबह 10 बजे तक घना कोहरा छाया रहा तथा हाथ-पैर सुन्न करने वाली ठंड का प्रभाव बना रहा। सुबह 11 बजे कोहरा छंटने के साथ ही धूप निकली तथा दोपहर में पसीने छुड़ाने वाली तीखी धूप का प्रभाव रहा। अधिकतम तापमान भी 22.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जयपुर के मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि प्रदेश में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते शेखावटी व पूर्वी राजस्थान में बादलवाही का प्रभाव बना हुआ है। पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क बना हुआ है। 22 जनवरी से प्रदेश में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव रहेगा। इससे अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना रहेगी। इससे दिन के तापमान में भी दो से तीन डिग्री की गिरावट आएगी। वहीं, रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 22.1 व न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हवा में नमी 94 व शाम को 53 प्रतिशत दर्ज की गई। एक्सपर्ट; 22 से विक्षोभ, मावठ होगी जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 22 से 24 जनवरी के बीच एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इस विक्षोभ का ज्यादा असर बीकानेर संभाग में रहेगा। इस दौरान में मेघगर्जन के साथ बारिश होगी। इस विक्षोभ से फिर से सर्दी का असर बढ़ जाएगा। इसका असर श्रीगंगानगर में 21 व 24 जनवरी को रह सकता है। इस दौरान हल्की से तेज बारिश होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *