भास्कर न्यूज| लुधियाना पीएसपीसीएल मैनेजमेंट द्वारा समय-समय पर नई नीतियों को अमल में लाने और बिजली चोरी की रोकथाम के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाए जाते हैं। इसी कड़ी में हाल ही में चीफ इंजीनियर (इन्फोर्समेंट) हलका, लुधियाना द्वारा खन्ना मंडल (सिटी नेटवर्क) और मॉडल टाउन (डिवीजन टाउन-1 व 2, बसंत एवेन्यू) के अधीन आते इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। ये जांच सुबह 4:00 बजे से लेकर दोपहर 12:30 बजे तक लगातार की गई। इस निरीक्षण के दौरान खन्ना मंडल और मॉडल टाउन के विभिन्न क्षेत्रों में इंफोर्समेंट टीमों द्वारा औद्योगिक, कमर्शियल और घरेलू मीटरों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान सामने आया कि कई स्थानों पर बिजली चोरी और नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था। इस अभियान में सीनियर अधिकारियों की अगुवाई में विशेष टीमों ने भाग लिया, जिनमें एक्सईएन अजय पाल सिंह, एसडीओ डी.के. गोयल, एसडीओ रणजीत सिंह, एसडीओ हरविंदर सिंह, जेई अमनदीप सिंह, जेई अशोक कुमार और जेई अजय पाल सिंह अटवाल सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। जांच के दौरान कुल 105 नंबर मीटरों की चेकिंग की गई, जिनमें से 2 मामलों में बिजली चोरी और 7 मामलों में अन्य अनियमितताएं पाई गईं। इन सभी मामलों में संबंधित उपभोक्ताओं पर पीएसपीसीएल के नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया। कुल मिलाकर लगभग 33 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। दुगरी मार्केट और बसंत मार्केट में सीधा ट्रांसफार्मर से तार जोड़ कर बिजली की चोरी की जा रही थी जिन पर ढाई लाख रुपये का जुर्माना लगा गया है। पीएसपीसीएल के चीफ इंजीनियर (इन्फोर्समेंट) ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी करने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे नियमों के अनुसार ही बिजली का उपयोग करें, ताकि सिस्टम पर अनावश्यक बोझ न पड़े और ईमानदार उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पीएसपीसीएल ने दोहराया कि बिजली चोरी रोकने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेंगी।


