कलेक्ट्रेट में मंगलवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कलेक्टर की ऑफिशियल ईमेल आईडी पर कलेक्ट्रेट परिसर को 3 आरडीएक्स बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल आने के बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ईमेल में न केवल कलेक्ट्रेट बल्कि दक्षिण भारतीय सुपरस्टार रजनीकांत और मशहूर संगीतकार इलैयाराजा के चेन्नई स्थित आवासों को भी आरडीएक्स से उड़ाने की चेतावनी दी थी। यह ईमेल सोमवार की रात को 10.45 बजे आया। मंगलवार को सुबह 10 बजे कार्यालय खुलने के बाद ईमेल की जानकारी मिलने के साथ ही पूरा पुलिस- प्रशासन हरकत में आ गया। सूचना मिलते ही कलेक्ट्रेट, एसपी ऑफिस और कोर्ट परिसर को खाली करवाकर गेट बंद कर दिए। गए। डॉग स्क्वायड और सुरक्षा एजेंसियों ने करीब 2 घंटे तक कलेक्ट्रेट परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। दोपहर 12:30 बजे स्थिति सामान्य होने पर परिसर के गेट दुबारा खोले गए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मेल का संबंध तमिलनाडु से जुड़ा है। पुलिस की साइबर सेल अब आईपी एड्रेस के जरिए भेजने वाले का पता लगा रही है। पुलिस का मानना है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत हो सकती है जो पैनिक क्रिएट करना चाहता था। कलेक्टर टीना डाबी ने बताया कि यह ईमेल तमिलनाडु से संबंधित किसी मामले को लेकर भेजा था। ईमेल देखते ही तुरंत पुलिस अधीक्षक को सूचित किया। एहतियात के तौर पर कलेक्ट्रेट के सभी कार्यालयों के एक-एक कमरे की तलाशी ली गई। तसल्ली होने के बाद कामकाज दोबारा शुरू किया गया। एसपी नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि सुबह कलेक्टर के पीए ने जानकारी दी थी। ईमेल में लिखा था कि तीन जगह आरडीएक्स रखा है। हमने डॉग स्क्वायड, मेटल डिटेक्टर के साथ पूरे परिसर को खंगाला। एसपी ने बताया कि राजस्थान के कई जिलों में इस तरह के मेल आ रहे हैं। इस माह में अब तक 10 से 15 ऐसी झूठी धमकियां मिल चुकी है। इनमें बाद में माफी भी मांगी गई। कलेक्ट्रेट खाली करवाने के दौरान एक बार वकीलों व कार्मिकों में असमंजस्य की स्थिति बन गई।


