सुरक्षा से खिलवाड़, बिना फिटनेस दौड़ रही स्कूल बसें

भास्कर न्यूज | शंकरगढ़ राजपुर ब्लॉक मुख्यालय अंतर्गत संचालित डीएवी स्कूल पतरातु में बच्चों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। यहां बिना फिटनेस के स्कूल बस में बच्चों को स्कूल लाया और ले जाया जा रहा है। बस में सुरक्षा के मानकों की अनदेखी की गई है। बस में खिड़कियों पर सुरक्षा जालियों की व्यवस्था नहीं है। साथ ही, न तो बस पर स्कूल का नाम अंकित है और न ही किसी भी आपातकालीन सेवा जैसे एंबुलेंस, पुलिस विभाग या स्कूल प्रिंसिपल का संपर्क नंबर लिखा है। इससे आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिल पाना संभव नहीं है। इसके अतिरिक्त, बस में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट भी नहीं लगी हुई है। बस से प्रतिदिन 50 से 70 बच्चे शंकरगढ़ और राजपुर से स्कूल जाते हैं। हैरानी की बात यह है कि न तो स्कूल प्रबंधन इस ओर ध्यान दे रहा है और न ही स्थानीय प्रशासन ने इस पर किसी तरह की कार्रवाई की है। अभिभावकों के अनुसार बच्चों की सुरक्षा के प्रति यह गंभीर लापरवाही है, जो किसी बड़े हादसे को निमंत्रण दे सकती है। लोगों ने मामले में जिला प्रशासन से कदम उठाने की मांग की है। बिना परमिट दौड़ रही स्कूल बस।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *