सुरक्षित मातृत्व: हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की जानकारी जमा कर रखी जा रही निगरानी

गर्भवती महिला को परामर्श देतीं डॉक्टर। भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर कोरिया जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर में गर्भवती महिलाओं को न केवल चिकित्सा सेवा दी गई, बल्कि महिला सशक्तिकरण और मातृत्व सुरक्षा के प्रति जन-जागरूक भी किया जा रहा है। यह आयोजन राज्य स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के नेतृत्व में किया जा रहा है। यहां बता दें कि इस कार्यक्रम के तहत शिविर में गर्भवती महिलाएं डॉक्टरों से जटिलताओं को लेकर खुलकर चर्चा कर रही हैं। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा की गई जांच के जरिए हाई रिस्क प्रेगनेंसी के मामलों की समय रहते पहचान की गई, जिससे कई संभावित जटिलताओं को टाला जा सका। डॉ. प्रशांत सिंह ने जानकारी दी कि यह अभियान हर महीने की 9 और 24 तारीख को आयोजित किया जा रहा है। कोरिया जिला बैकुंठपुर जिला अस्पताल सहित सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में इसका आयोजन हो रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य माताओं को सुरक्षित प्रसव के लिए तैयार करना और हाई रिस्क वाली गर्भवती महिलाओं का समय पर प्रबंधन तय करना है। महिलाओं को मानसिक रूप से सशक्त बना रहे इस अभियान की खास बात यह रही कि केवल स्वास्थ्य जांच ही नहीं, मानसिक और सामाजिक स्तर पर भी महिलाओं को सशक्त किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक असरफ अंसारी ने बताया कि महिलाओं को प्रसव से जुड़ी भ्रांतियां, डर और सामाजिक दबावों से बाहर निकालने विशेषज्ञों द्वारा काउं​िसलिंग की जा रही है। यह पहल महिलाओं में आत्मविश्वास जगाने में मददगार साबित हो रहा है। डिजिटल तकनीक का भी बेहतर उपयोग किया जा रहा है, जहां हाई रिस्क प्रेगनेंसी की सूची बनाकर उसकी डेटा एंट्री की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *