भास्कर न्यूज |झुंझुनूं जिले की सुलताना नगरपालिका में जारी निविदा में मनमानी कर ठेकेदारों के टेंडर नहीं लेने के मामले में जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया गया है। ठेकेदारों ने ज्ञापन में बताया कि नगरपालिका सुलताना में 27 जनवरी को 12 बजे तक टेंडर के दस्तावेज जमा होने थे। लेकिन समय पर आने के बावजूद नगरपालिका ईओ ने उनके दस्तावेज जमा नहीं किए। ठेकेदारों ने ऑनलाइन टेंडर जमा करा दिए थे। लेकिन अमानत राशि की डीडी बनी होने पर भी उसको नहीं लिया। इसके बाद टेंडरों को खोलते हुए मनमानी दर पर निविदा मंजूर कर ली गई। ठेकेदारों ने कलेक्टर से टेंडर की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए नियम विरूद्ध टेंडर देने को लेकर दोषी अधिकारी पर कार्रवाई करने की मांग की। इस मामले में सुलताना नगर पालिका ईओ कुलदीप राव ने बताया कि दस्तावेज जमा कराने के लिए दोपहर 12 बजे का समय था। कुछ ठेकेदार समय के बाद आए थे। इसलिए उनके दस्तावेज जमा नहीं किए गए। ज्ञापन देने वालों में उस्मान खान, कुलदीप जानू समेत अन्य शामिल थे।


