लुधियाना| आर्य कॉलेज गर्ल्स सेक्शन के अंग्रेजी विभाग की ओर से छात्राओं में रचनात्मक सोच, कलात्मक अभिव्यक्ति और भाषा के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुलेख प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और विभिन्न सुलेख शैलियों में प्रसिद्ध उद्धरणों को आकर्षक ढंग से लिखते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कागज पर उकेरी गई सुंदर लिखावट, अक्षरों की बनावट और प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता के परिणामों में नेहा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि निरल दूसरे और अनामिका तीसरे स्थान पर रहीं। छात्राओं के आत्मविश्वास और रचनात्मक प्रयासों की सभी ने सराहना की। एसीएमसी के सचिव डॉ. एस.एम. शर्मा ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां छात्राओं की कल्पनाशीलता को नया आयाम देती हैं और उनमें आत्म-अभिव्यक्ति का भाव विकसित करती हैं। प्रिंसिपल डॉ. सूक्ष्म आहलूवालिया ने प्रतिभागी छात्राओं के समर्पण और मेहनत की सराहना की। उन्होंने ऐसी गतिविधियों को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बताया। कार्यक्रम की प्रभारी डॉ. ममता कोहली ने विजेता छात्राओं को बधाई दी और अंग्रेजी विभाग को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।


