सुल्तानविंड के मेन बाजार में मोबाइल टावर को लेकर विवाद

भास्कर न्यूज | अमृतसर सुल्तानविंड गांव के मेन बाजार में एक बैंक की इमारत के ऊपर मोबाइल टावर लगाए जाने को लेकर इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। टावर लगाने का काम शुरू होते ही लोगों ने इसका कड़ा विरोध किया और काम रुकवा दिया। इलाके के लोगों का कहना है कि बिना उनकी सहमति के रिहायशी इलाके में टावर लगाया जा रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। प्रदर्शन कर रहे निवासियों में गुरप्रीत सिंह, दविंदर सिंह, तरसेम सिंह, अमनदीप सिंह, सरबजीत कौर, रजवंत कौर, परमजीत सिंह सहित कई लोग शामिल रहे। उन्होंने बताया कि मोबाइल टावर से निकलने वाली रेडिएशन का बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। जिस स्थान पर टावर लगाया जा रहा है, उसके चारों ओर घनी आबादी वाला रिहायशी इलाका है। इतना ही नहीं, टावर के ठीक सामने एक सरकारी स्कूल भी स्थित है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर लोगों में खासा रोष है। इलाका निवासियों का आरोप है कि टावर लगाने से पहले न तो किसी तरह की सार्वजनिक सहमति ली गई और न ही उन्हें इसकी जानकारी दी गई। विरोध के दौरान लोगों ने संबंधित विभागों को शिकायत पत्र भी सौंपे और तुरंत कार्रवाई की मांग की। स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए नगर निगम के एमटीपी विभाग ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया और किसी भी तरह के झगड़े से बचने के लिए टावर लगाने का काम अस्थायी रूप से रुकवा दिया। एमटीपी अधिकारी नरिंदर शर्मा ने कहा कि निगम की टीम ने कोई झगड़ा न हो, इसलिए टावर का काम रुकवा दिया गया है। बाकी परमिशन देने का काम जिला प्रशासन का है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *