भास्कर न्यूज | अमृतसर करीब डेढ़ साल से बंद पड़ी बीआरटीएस बस सेवा के न्यू अमृतसर स्टॉप को तोड़ दिया गया है। पीडब्ल्यूडी की ओर से न्यू अमृतसर मोड़ पर फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। उसके लिए स्टॉपेज को तोड़ना जरूरी है, क्योंकि इसी जगह पर फ्लाइओवर बनेगा। यहां पर रोजाना जाम में फंसने वाले 50 हजार से ज्यादा लोगों की राह आसान होगी। पीडब्ल्यूडी 39.85 करोड़ रुपए की लागत से भाई गुरदास नगर न्यू-अमृतसर में 540 मीटर लंबा और 21.5 मीटर चौड़ा फ्लाइओवर बना रहा है। यह काम जुलाई 2025 में शुरू हुआ था। करीब दो साल में यह पुल बनकर तैयार होगा। गौरतलब है कि बंद बीआरटीएस बसों के कारण इसका कारिडोर मौतों और जाम का कारण अक्सर बनता है। इस स्टॉप को टूटता देख लोगों को उम्मीद जगी कि अब उन्हें जाम से राहत मिलेगी। जैसे इस स्टॉपेज को तोड़ा जा रहा है, वैसे ही बाकी कॉरिडोर को तोड़कर लोगों को जाम से राहत दिलाई जाएगी। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अनुसार इस स्टॉपेज को पुल बनने के बाद थोड़ा पीछे फिर से तैयार किया जाएगा। बीआरटीएस कॉरिडोर को तोड़ने का फिलहाल कोई प्लान नहीं। बीआरटीएस कॉरिडोर अकाली सरकार के समय करोड़ों से तैयार किया गया था, जिसका उद्देश्य था शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारना था। मगर रखरखाव के अभाव और फंड की कमी के कारण अकाली-भाजपा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सरकार इन बसों को ढंग से चला नहीं पाई।


