भास्कर न्यूज | अमृतसर शिअद पुर्नगठन के प्रधान एवं श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने सीएम भगवंत मान से पूर्व सीएम रजिंदर कौर भट्ठल के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। भट्ठल के ताजा बयान से पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी एक बार फिर विवादों में घिर गई है। भठ्ठल ने खुलासा किया है कि पंजाब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए प्रदेश में बम विस्फोट करवाकर पंजाब की शांति को भंग कर दोबारा सत्ता हासिल करने की सलाह दी थी। ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा कि जब भट्ठल ने खुद ही इतना बड़ा खुलासा किया है तो फिर आप सरकार उनके खिलाफ केस दर्ज क्यों नहीं कर रही। यह प्रदेश की सुरक्षा से जुड़ा संवेदनशील मामला है। ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि जब कांग्रेस के विपक्षी दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा था कि पंजाब में बम विस्फोटक सामग्री मौजूद है तो बाजवा पर आप सरकार ने तुरंत केस दर्ज कर दिया था अब सीएम मान भट्ठल के खिलाफ केस दर्ज क्यों नहीं कर रहे हैं। भट्ठल के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच करवानी चाहिए। मामले में शामिल अधिकारियों के नामों का पर्दाफाश होना चाहिए।


