भास्कर न्यूज | जशपुरनगर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इस कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन ने आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। सभी विभागों द्वारा इस दौरान प्राप्त आवेदनों पर तत्परता से कार्यवाही की जा रही है और शासन की योजनाओं के अनुसार इन आवेदनों का समाधान किया जा रहा है। इसी कड़ी में सुशासन तिहार के तहत ग्राम पंचायतों में आवेदकों को उनके अनुरोध अनुसार कई सुविधाएं प्रदान की गईं। ग्राम पंचायत अंकिरा के नरेन्द्र कुमार यादव को उप सरपंच के हाथों व्यक्तिगत शौचालय की स्वीकृति प्रदान की गई। इसी प्रकार ग्राम पंचायत फरसाबहार के मोरछू राम को सचिव के हाथों और ग्राम पंचायत मेंडरबाहर के सोहनी तिर्की को सरपंच के हाथों व्यक्तिगत शौचालय की स्वीकृति प्रदान की गई। स्वीकृति मिलने के बाद आवेदकों ने खुशी जाहिर की और इसे स्वच्छ भारत मिशन में अपनी सक्रिय भागीदारी के रूप में देखा। नरेन्द्र कुमार यादव, मोरछू राम और सोहनी तिर्की ने कहा कि अब उनके पास खुद का व्यक्तिगत शौचालय होगा, जिससे उन्हें स्वच्छता के मामले में काफी सुविधा मिलेगी और वे मिशन के तहत स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा पाएंगे। इस प्रक्रिया से यह भी सुनिश्चित हो रहा है कि स्वच्छता अभियान के तहत जिले में व्यक्तिगत शौचालयों की संख्या बढ़े, और ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।


