भास्कर न्यूज | अंबिकापुर जिले में सुशासन तिहार का तीसरा और अंतिम चरण 5 मई से 31 मई तक आयोजित किया जाएगा। इस चरण में आम जनता की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं की पारदर्शी के उद्देश्य से कुल 57 समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें 32 शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में, 23 नगर निगम अंबिकापुर क्षेत्र में और एक-एक शिविर नगर पंचायत सीतापुर और लखनपुर में होंगे। रविवार को जिला कलेक्टर विलास भोसकर ने जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम जनता की शिकायतों और मांगों का समयबद्ध समाधान करना है। साथ ही विकास कार्यों में तेजी लाना और शासन की योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाना इसका मुख्य लक्ष्य है। जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल ने बताया कि पहले चरण में 8 से 11 अप्रैल तक आवेदन लिए गए थे। ये आवेदन समाधान पेटी, शिविरों और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हुए। जिले के 39 हाट बाजारों में भी आवेदन जमा किए गए। 3 मई तक कुल 1,63,803 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1,61,016 मांग और 2,787 शिकायतें थीं। इनमें से अब तक 1,38,358 मामलों का निराकरण किया जा चुका है। दूसरे चरण में 12 अप्रैल से 4 मई तक प्राप्त आवेदनों को स्कैन कर सॉफ्टवेयर में अपलोड किया गया और संबंधित विभागों को भेजा। समाधान की गुणवत्ता की जिला और राज्य स्तर पर निगरानी की जा रही है। 15 ग्राम पंचायतों में लगेगा एक ही समाधान शिविर तीसरे चरण में प्रत्येक 8 से 15 ग्राम पंचायतों के बीच एक समाधान शिविर लगेगा। शिविरों में नए आवेदन लिए जाएंगे और मौके पर ही समाधान योग्य मामलों का निपटारा किया जाएगा। साथ ही योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और लाभार्थी योजनाओं के फॉर्म भी उपलब्ध कराए जाएंगे। सभी विभागों के अधिकारी शिविरों में उपस्थित रहेंगे। अब तक सबसे अधिक 99,039 आवेदन पंचायत व ग्रामीण विकास विभाग को मिले हैं, जिनमें से 85,730 का समाधान किया गया है।


