भास्कर न्यूज | सोनहत सुशासन तिहार के पहले चरण में 8 से 11 अप्रैल के बीच सोनहत पंचायत के ग्रामीणों ने पीने और निस्तारी पानी की समस्या को लेकर आवेदन दिया दिया था, लेकिन अब समस्या का समाधान नहीं किया गया है। ग्राम पंचायत सोनहत के वार्ड क्रमांक 7 के मजार चौक के ग्रामीण हर्ष, दिनेश, विजय, धर्मजीत, गीता और निर्मला ने बताया कि उन्होंने सुशासन तिहार में पानी की समस्या को लेकर आवेदन किया था। कुछ आवेदन पेटी में डाले गए थे, जो अब भी लंबित बताए जा रहे हैं। दो ग्रामीणों के ऑनलाइन आवेदन निराकृत दिखाया जा रहे हैं। लेकिन हकीकत में पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों ने आवेदन तो ले लिए, लेकिन समाधान नहीं किया। वार्ड क्रमांक 7 के कई ग्रामीणों ने सामुदायिक भवन में लगे बोर ट्यूब वेल में सोलर पंप लगाकर घर-घर कनेक्शन देने की मांग की थी, लेकिन इस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में निराशा है।


