सुशासन तिहार-2025 को लेकर जशपुर एसएसपी का एक्शन:अपराधों के पूर्ण निराकरण का लक्ष्य, साइबर क्राइम और सड़क सुरक्षा पर फोकस

जशपुर पुलिस कार्यालय में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपराध समीक्षा बैठक में अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रमुख मौजूद थे। सुशासन तिहार-2025 के तहत पुलिस विभाग को मिले आवेदनों के निपटारे को प्राथमिकता दी गई है। एसएसपी ने सभी लंबित आवेदनों को दो सप्ताह में निपटाने का निर्देश दिया है। इस कार्य की निगरानी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। साइबर अपराधों से निपटने के लिए “ClickSafe” कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसके तहत गांवों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साइबर योद्धाओं की मदद से जनचौपाल का आयोजन किया जाएगा। नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए “सड़क सुरक्षा मितान” कार्यक्रम को सक्रिय किया जाएगा। तीन सवारी, तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इनका लाइसेंस भी रद्द किया जाएगा। दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वालों को सम्मानित करने की योजना भी बनाई गई है। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ गुंडा फाइल खोली जाएगी। गौ-तस्करी और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए “ऑपरेशन शंखनाद” और “ऑपरेशन आघात” को तेज किया जाएगा। लंबित मामलों के जल्द निपटारा करें एसएसपी ने थाना स्तर पर लंबित मामलों के जल्द निपटारे का आदेश दिया है। आर्थिक अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। एसएसपी ने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की शिकायतों का त्वरित निपटारा करने को प्राथमिकता देने की बात कही। प्रत्येक थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया कि वे सप्ताह में कम से कम एक बार थाना का निरीक्षण करें और बीट व्यवस्था को सुदृढ़ करें। इसके अलावा, रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन करके सुधार कार्य करने, पैदल मार्च और विजिबल पुलिसिंग को बढ़ावा देने के भी आदेश दिए गए। इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. धुर्वेस कुमार जायसवाल, एसडीओपी बगीचा दिलीप कोसले, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे और समस्त थाना/चौकी प्रभारी तथा शाखा प्रभारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *