सुशासन दिवस के रूप में मनाई वाजपेयी की जयंती:जिला प्रमुख ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाई सुशासन की शपथ

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती बुधवार को सुशासन दिवस के रूप मनाई गई। जिला कलेक्‍ट्रेट सभागार में जिला प्रमुख चन्‍द्रावती कंवर, नगर परिषद सभापति सरोज अग्रवाल, सीईओ रवि वर्मा, मुकेश माधवानी ने वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने वाजपेयी के जीवन और उल्लेखनीय योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके आदर्श और सिद्धांत हमें प्रेरित करते हैं। उनके द्वारा स्थापित सुशासन की परंपराएं आज भी प्रासंगिक हैं और हम सभी को उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। सभापति सरोज अग्रवाल ने उनकी ओजस्वी वाणी, सुदृढ़ नेतृत्व और जनसेवा के प्रति समर्पण को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताया। मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा ने वाजपेयी के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने वाजपेयी के उल्लेखनीय कार्यों और उनकी दूरदर्शी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि वाजपेयी ने देश को एक नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नगर परिषद वार्ड पार्षद मुकेश माधवानी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री का व्‍यक्तित्‍व उनके नाम के अनुरूप ही अटल था। सड़क निर्माण तथा किसान कल्‍याण के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्‍मरणीय रहेगा। इस दौरान कवि पीयूष पाचक ने पूर्व प्रधानमंत्री द्वारा रचित कविता गीत नया गाता हूं…, कदम कदम मिलाकर चलना होगा …कविताओं का पाठ किया। इस दौरान वक्‍ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री द्वारा देशहित में किए गए कार्यों व व्‍यक्तित्‍व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रदेश में सुशासन के उच्चतम मापदंडों को स्थापित करने के लिए, शासन को अधिक पारदर्शी, सहभागी, जन-कल्याण केन्द्रित और जवाबदेह बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने एवं प्रदेश के नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लक्ष्य को पाने के लिए सदैव तत्पर रहने की शपथ भी दिलाई। साथ ही स्‍वच्‍छता शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान राजपाल सिंह, प्रमोद वैष्‍णव, त्रिलोकचंद शर्मा सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भूपेन्‍द्र शर्मा ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *