भास्कर न्यूज | कोरबा डीएसपीएम प्लांट में कार्यरत एक बिजली कर्मचारी लापता हो गया। इससे पहले उसने दो महिला कर्मी के खिलाफ प्रताड़ित करते हुए परेशान करने को कारण बताते हुए सुसाइड नोट लिखकर छोड़ा। मामले में पुलिस जांच कर रही है। दर्री थाना अंतर्गत नवागांव झाबू निवासी गोपाल दास भूविस्थापित है। उसे बिजली कंपनी ने जमीन अधिग्रहण के बदले नौकरी दी है। वर्तमान में गोपाल दास की पदस्थापना डीएसपीएम प्लांट में तृतीय श्रेणी कर्मचारी के रूप में है। वह सीएसईबी कॉलोनी में परिवार समेत रहता है। वह शनिवार सुबह 6 बजे ड्यूटी करने निकला था। दोपहर करीब डेढ़ बजे उसने पत्नी से फोन पर बात की, लेकिन छुट्टी के समय के बाद भी घर नहीं पहुंचा। पत्नी ने ढाई बजे फोन लगाया तो मोबाइल बंद मिला। दूसरी ओर दो लोग नवागांव झाबू में उसके पिता के पास पहुंचे। उन्होंने सुसाइड नोट थमाते हुए गोपाल दास द्वारा उसे लिखकर लापता होना बताया। उन्होंने प्लांट के किसी अधिकारी से बात भी कराया। परिजन के मुताबिक सुसाइड नोट में शिफ्ट इंचार्ज और जनरल ड्यूटी करने वाली महिला कर्मियों पर प्रताड़ित करने, सही काम करने पर उसे डांटने और बेवजह परेशान करने का जिक्र है। पुत्र के सुसाइड नोट लिखकर लापता होने से चिंतित पिता ने परिजन के साथ दर्री थाना पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले में लापता गोपाल दास की खोजबीन शुरू कर दी है। 24 घंटे बाद भी उसका पता नहीं चला है। परिजन की चिंता बढ़ गई है।


