‘वर्तमान दौरे में सूचना और जनसंपर्क के माध्यम बदल रहे हैं। नई-नई तकनीक आ रही है। मीडिया के सभी माध्यमों के उपयोग से जनसंपर्क का कार्य अधिक प्रभावी होगा।’ यह बातें जनसंपर्क आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने ‘जनसंपर्क की नई चुनौतियां’ विषय पर नवा रायपुर में आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय कौशल संवर्धन कार्यशाला में कहीं। उन्होंने पत्रकारिता स्कूल-कॉलेजों के छात्रों को जनसंपर्क विभाग में इंटर्नशिप का अवसर देने पर जोर दिया। उद्घाटन सत्र को अपर संचालक जवाहरलाल दरियो, संजीव तिवारी, उमेश मिश्रा और आलोक देव ने भी संबोधित किया। लेखन से लेकर टीवी कवरेज तक मीडिया कौशल पर फोकस सत्र की शुरुआत ‘पाठक-अनुकूल लेखन: सरकारी समाचारों को आकर्षक बनाने’ विषय से हुई। इसमें दैनिक भास्कर के राज्य संपादक शिव दुबे ने सरकारी आदेशों और सूचनाओं में जनता से जुड़ी मुख्य बातों को पहचानने, सरल भाषा के प्रयोग, प्रभावी हेडलाइन और लीड पैराग्राफ लिखने की जानकारी दी। इस दौरान आकाशवाणी के समाचार संपादक विकल्प शुक्ला, एआई विशेषज्ञ राकेश साहू, सेवानिवृत्त संचालक लाजपत आहूजा ने भी ट्रेनिंग दी।


