गुना जिले के बजरंगगढ़ थाना इलाके के बरखेड़ा गिर्द गांव में सूदखोरों से परेशान होकर एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। 21 साल के सतीश धाकड़ ने मरने से पहले अपने मोबाइल पर एक वीडियो भी बनाया। इस वीडियो में उसने बाकायदा उन सूदखोरों के फोटो दिखाए और नाम बताए, जो उसे प्रताड़ित कर रहे थे। भोपाल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। उसने वीडियो में एक चौंकाने वाला खुलासा किया कि वह 20 हजार रुपए के कर्ज के बदले 10 लाख रुपए चुका चुका है, फिर भी उसे परेशान किया जा रहा था। भोपाल में तोड़ा दम, SP से शिकायत परिजनों के मुताबिक, सतीश ने सोमवार को सल्फास खा लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे गुना के निजी अस्पताल ले गए, जहां से भोपाल रेफर कर दिया गया। मंगलवार को भोपाल के निजी अस्पताल में उसने अंतिम सांस ली। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया और अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों ने एसपी ऑफिस में आवेदन देकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। बोला- 20 हजार के बदले 10 लाख चुकाए सतीश ने सुसाइड से पहले बनाए वीडियो में बताया कि उसने अंकेश धाकड़ से 2 साल पहले 10 हजार रुपए लिए थे, जिसके बदले 20 हजार दे चुका है। सबसे हैरान करने वाली बात मुकेश धाकड़ को लेकर कही। सतीश ने कहा कि उसने मुकेश से 20 हजार रुपए लिए थे, लेकिन वह अब तक उसे 10 लाख रुपए दे चुका है। इसके बावजूद मुकेश 4 लाख रुपए और मांग रहा है। वहीं, प्रकाश धाकड़ से 50 हजार लिए थे और 2 लाख चुका दिए हैं। मुझे लोगों से 25 लाख लेने हैं, वो लौटा नहीं रहे वीडियो में सतीश ने यह भी बताया कि उसे कुछ लोगों से पैसे लेने भी हैं। हरेंद्र धाकड़ ने उससे 20 लाख रुपए और सौरभ गोस्वामी ने 5 लाख रुपए लिए हैं, जो दो साल से पैसे वापस नहीं कर रहे। युवक ने वीडियो में कहा कि इन सभी की वजह से वह मर रहा है। उसने आखिरी इच्छा जताई कि इन सब पर केस दर्ज हो और उसके परिवार को बिल्कुल भी परेशान न किया जाए। पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


