करौली में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। आशीर्वाद मैरिज गार्डन के पास स्थित केशव गौड़ के घर से चोरों ने 7 लाख रुपए से अधिक के सामान पार कर दिए। घटना शनिवार की है जब केशव गौड़ का परिवार हिंडौन में एक शादी समारोह में भात देने गया था। चोरों ने इस मौके का फायदा उठाया। उन्होंने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 3 लाख 50 हजार रुपए की नकदी चुरा ली। परिवार को शादी से लौटने पर चोरी का पता चला। घर का सामान बिखरा हुआ मिला। पीड़ित परिवार ने तुरंत करौली कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी माध्यमों से आरोपियों की तलाश में जुटी है।


