जालोर में एक ही रात में 4 सूने मकानों के ताले टूट गए। चारों मकान मालिक परिवार के साथ दूसरे राज्यों में रहते हैं और वहीं व्यापार करते हैं। कितने का सामान चोरी हुआ है यह जानकारी मालिकों के आने के बाद पता चलेगा। एक मकान में सामान नहीं मिला तो चोर आंगन में शौच करके भाग गए। मामला रामसीन थाना इलाके के मोदरान गांव का है। गांव में जागरवालों की गली में गुरुवार रात 4 सूने मकानों के ताले टूटे। सामान चोरी होने की जानकारी नहीं मोदरान पुलिस चौकी प्रभारी जयसिंह इंदा ने बताया- जागरवाल मोहल्ले में रमेश सिंह राजपुरोहित, खीम सिंह राजपुरोहित, शैलसिंह राजपुरोहित व जामता राम के सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी की कोशिश हुई है। हालांकि अभी यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि कि इन मकानों से क्या-क्या चुराया गया है। मकान मालिक के आने पर जानकारी मिल सकती है। चौकी प्रभारी ने बताया कि चोरों को घरों में कोई सामान नहीं मिला तो एक घर के आंगन में शौच करके निकल गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस गश्त के कुछ देर बाद ही वारदात ग्रामीणों ने बताया- वारदात रात करीब 2 बजे हुई। पुलिस गश्त टीम के गुजरने के कुछ देर बाद ही चोरों ने सूने मकानों को निशाना बनाया। सुबह पड़ोसियों ने मकानों के ताले टूटे देखे तो पुलिस और मकान मालिकों को जानकारी दी। ग्रामीणों ने बताया कि मकान मालिक व्यापार के कारण अन्य प्रदेशों में रहते हैं। वे केवल शादी-विवाह या पारिवारिक कार्यक्रमों के दौरान ही आकर घर खोलते हैं। एक साथ चार मकानों के ताले टूटने से पूरे गांव में भय का माहौल बन गया है। रामसीन थानाधिकारी अरविंद राजपुरोहित, मोदरान चौकी इंचार्ज जय सिंह और कॉन्स्टेबल धीरज सिंह मौके घटना की जानकारी ली और मौका रिपोर्ट बनाकर चोरों की तलाश शुरू की।


