छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा की अर्धनग्न हालत में लाश मिली थी। सेंदरी जंगल में 15 साल की छात्रा शुक्रवार को महुआ चुनने गई थी। शव 26 अप्रैल को मिला। घटना की जांच के लिए पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी। विधायक भूलन सिंह मरावी रायपुर से देर रात लौटने के बाद सुबह पीड़ित परिवार से मिले। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस से मामले की जानकारी ली। स्थानीय महिलाओं से भी इस संबंध में चर्चा की गई है। आसपास के गांवों के युवकों की सूची और उनके मोबाइल नंबर एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने कई टीमें बनाकर जांच तेज कर दी है। विधायक मरावी ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि एक-दो दिन में आरोपी का पता चल जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषी को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो दूसरों के लिए सबक बने। पुलिस ने भी आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।


