सूरजपुर जिले में राशन वितरण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। वार्ड क्रमांक 7 की राशन दुकान में बीपीएल कार्डधारकों को राशन नहीं मिल रहा है। स्थानीय महिलाओं ने सोसाइटी संचालक पर मनमाने तरीके से राशन वितरण करने का आरोप लगाया है। महिलाओं का कहना है कि दुकान में सिर्फ एपीएल कार्डधारकों को राशन दिया जा रहा है। चने और शक्कर का वितरण भी नहीं हो रहा है। उन्हें राशन लेने के लिए दूसरे वार्ड में जाने को कहा जाता है। इस समस्या से करीब 200 बीपीएल कार्डधारी लोग प्रभावित हैं। खाद्य अधिकारी ने बताया कि पहले जिस महिला समूह को वितरण की जिम्मेदारी दी गई थी, उनकी लापरवाही के कारण उन्हें हटा दिया गया है। अब नए संचालक को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि दूसरी दुकान में संलग्नीकरण किया गया है और एक-दो दिन में राशन का आवंटन कर दिया जाएगा। मामले की जांच के निर्देश भी दिए गए हैं। सरकार गरीबों को अनाज और भोजन उपलब्ध कराने की कई योजनाएं चला रही है। लेकिन स्थानीय स्तर पर अधिकारियों की लापरवाही से इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। यदि जिला मुख्यालय में ही ऐसी स्थिति है, तो दूरदराज के इलाकों में राशन वितरण की स्थिति और भी चिंताजनक हो सकती है।


