सूरजपुर में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में शनिवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा पुराने विश्राम गृह से कलेक्ट्रेट तक निकाली गई। इसमें हर आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह से भाग लिया। यात्रा के दौरान लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वीर जवानों की जय के नारे लगाए। प्रतिभागियों ने भारतीय सेना के साहस की सराहना की। उन्होंने देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की तत्परता जताई। प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने तीनों सेनाओं के शौर्य की प्रशंसा की। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया। ग्राम पंचायतों में भी निकाली गई तिरंगा यात्रा जिले के सभी जनपदों की ग्राम पंचायतों में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में कलेक्टर एस. जयवर्धन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ कमलेश नंदिनी साहू समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। नगर सेना और पुलिस बल की भी उपस्थिति रही।


