सूर्य सप्तमी के उपलक्ष्य में द पैलेस स्कूल में एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें स्टूडेंट्स ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को योग की प्राचीन परंपरा से जोड़ना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। अनुभवी योग प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में स्टूडेंट्स ने सूर्य नमस्कार के सभी 12 आसनों का अभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक मुद्रा को सटीक तरीके से सीखा, जो शारीरिक लचीलापन और शक्ति बढ़ाने में सहायक है। योग शिक्षक ने स्टूडेंट्स को सूर्य नमस्कार के वैज्ञानिक महत्व से भी अवगत कराया। स्कूल की प्रिंसिपल उर्वशी वॉर्मन ने इस अवसर पर विशेष संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार एक ऐसी समग्र व्यायाम पद्धति है, जो शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक और आध्यात्मिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने छात्रों को इसे नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने न केवल सूर्य नमस्कार का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया, बल्कि इससे मिलने वाले विभिन्न लाभों के बारे में भी जाना। यह पहल स्कूल की ओर से छात्रों में स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


