सेंट्रल अंजुमन ने प्रतिभाशाली बच्चों को समारोह में दिया सम्मान

भास्कर न्यूज | सिमडेगा सेंट्रल अंजुमन इस्लामिया द्वारा मंगलवार की शाम जमजम मैरिज हॉल में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मैट्रिक एवं इंटर की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीसी कंचन सिंह, एसपी एम. अर्शी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में डीडीसी दीपांकर चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी मिथिलेश केरकेट्टा, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम मौजूद थे। समारोह में 50 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। जिन्होंने मैट्रिक एवं इंटर में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। साथ ही ठेठईटांगर की आफरीन रुखसार, जो डी फार्मा में राज्य की टॉपर बनी हैं, को भी विशेष सम्मान दिया गया। सभी अतिथियों का स्वागत पारंपरिक शॉल ओढ़ाकर एवं पौधे भेंट कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपायुक्त कंचन सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छी शिक्षा ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब समाज शिक्षित होगा, तभी समृद्धि आएगी। उन्होंने कहा कि मैट्रिक और इंटर के बाद बच्चों को अपने लक्ष्य तय कर मेहनत करने की आवश्यकता है। उन्होंने छात्राओं की तारीफ की। पुलिस अधीक्षक एम.अर्शी ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक शिक्षित समाज ही अपराध मुक्त समाज की नींव रखता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने की अपील की और विद्यार्थियों को ईमानदारी से मेहनत करने की प्रेरणा दी। एसपी ने भाषा के ज्ञान पर जोर दिया। उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने शिक्षा को समाज के विकास का मूल आधार बताया और बच्चों को उज्जवल भविष्य के लिए प्रेरित किया। इससे पूर्व आगंतुकों का स्वागत अंजुमन के सदर मो ग्यास ने स्वागत भाषण देकर किया। अंत में विधायक प्रतिनिधि मो शमी आलम ने सभी अतिथियों और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मोतीलाल अग्रवाल, अधिवक्ता शमीम अख्तर, सगीर अहमद, विधायक प्रतिनिधि शकील अहमद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में नायब सदर हाजी जावेद, सेक्रेट्री मुजाहिद अंसारी, इफ्तेखार लल्लू, इफ्तेखार बबलू, नौशाद अंसारी, जफर खान, नईम, रिजवान, परवेज, जाहिद सहित कई लोगों का योगदान रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *